जमशेदपुर: नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित राष्ट्रव्यापी मुहिम ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’के तहत आयोजित विशाल महारैली में झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो नगर निगम की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता शामिल हुए. इस दौरान दोनों नेताओं ने देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इस ऐतिहासिक महारैली में देशभर से कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं,जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रभारी के. राजू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.(नीचे भी पढ़े)

महारैली के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने, संविधान की मूल भावना की रक्षा करने तथा देश के प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया. इस अवसर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवैधानिक व्यवस्था को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया.पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान,अधिकार और स्वतंत्रता का आधार है. मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’केवल एक नारा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा का संकल्प है. देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने तथा जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करती रहेगी.महारैली में झारखंड से पहुंचे नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने संगठन की एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया.












