
चाकुलिया : चाकुलिया में दो विद्यार्थियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजेटिव आने के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी सख्ती के साथ काम कर रहे हैं. बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर पंचायत में काम कर रहे 16 सफाई कर्मी और चालकों का कोरोना जांच के लिए स्वाब सैंपल लिया. वही बंगाल से गढ़वा जाने के लिए पैदल चलकर आ रहे 10 मजदूरों को झारखंड-बंगाल सीमा पर बने चेकपोस्ट पर पदाधिकारीयों ने पकड़ कर बैठाये रखा. पदाधिकारी ने इसकी सूचना सीएचसी को दी. सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम बेंद गांव पहुंची और 10 मजदूरों का कोरोना जांच के लिए स्वाब सैंपल लिया गया. सभी मजदूरों को पंचायत भवन में बने सेंटर में क्वारंटाइन किया गया है. यह जानकारी सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू ने दी है. उन्होंने बताया कि बुधवार को कुल 26 लोगों का स्वाब जांच के लिए लिया गया है.
सिविल सर्जन पहुंचे चाकुलिया, स्वास्थ्य कर्मियों को दिये दिशा-निर्देश : वहीं चाकुलिया में दो करोना पॉजेटिव पाये जाने से प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप है. जिला के सिविल सर्जन डॉ महेश्वर प्रसाद ने चाकुलिया पहुंचकर सीएचसी का निरीक्षण किया. उन्होंने डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मीयों के साथ बैठक कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी खुद को सुरक्षित रखते हुए लोगों की सेवा व उपचार करें. उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि कभी भी किसी प्रकार का सहयोग विभाग से चाहिए तो जानकारी दें, त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यवस्था उपलब्ध करायी जाएगी. इस दौरान सीएचसी प्रभारी पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू, डॉ सीवी चौधरी,डॉ केवी महतो समेत स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.







