
जमशेदपुर : राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही है. इससे राज्य में दहशत का माहौल है. हालांकि सरकारी स्तर पर इससे निपटने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है. इस बीच बुधवार को भी राज्य में कोरोना के चार नये पॉजेटिव मरीज मिले हैं. इस दिन समाचार लिखे जाने तक 680 सैंपल की जांच रिपोर्ट आयी, जिसमें से 676 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव रही जबकि चार की रिपोर्ट पॉजेटिव रही. जो चार मरीज कोरोना पॉजेटिव पाये गये हैं, उनमें रांची के मांडर से एक, हिंदपीढ़ी से एक और कोडरमा से दो मरीज शामिल हैं. हालांकि इन चार मरीजों की टै्रवल हिस्ट्री अभी तक सामने नहीं आ सकी है. वहीं राहत भरी खबर यह है कि रांची के रिम्स में आठ मरीजों के स्वस्थ होने की खबर है. जानकारी के अनुसार स्वस्थ हुए आठों मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है. इससे पूर्व पिछले मंगलवार के राज्य में 11 कोरोना पॉजेटिव मरीज पाये गये थे, जिनमें दो पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) के चाकुलिया के दो विद्यार्थी शामिल थे.
चाकुलिया में लगातार सैनिटाइजेशन व बाजार सील
चाकुलिया में एक छात्र व एक छात्रा के कोरोना पॉजेटिव पाये जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. दूसरे दिन बुधवार को भी बाजार बंद रहा. सड़कें सुनसान व बाजार वीरान रहे. इस दौरान प्रशासन द्वारा लोगों से अपने-अपने घरों में रहने की अपील की गयी. वहीं प्रशासन की ओर से बाजार व सड़कों का लगातार सैनिटाइजेशन किया जा रहा है. वहीं क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है. इस कारण क्षेत्र में रहनेवालों का बाहर जाना तथा बाहर के लोगों का चाकुलिया क्षेत्र में रहना मना है.







