
जमशेदपुर : भारत सरकार द्वारा शुरू किये गये राजधानी एक्सप्रेस का टाटानगर में बुधवार को ठहराव हो गया. काफी अर्से बाद नयी दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो शांति रही. इस दौरान यात्री उतरे, लेकिन उनको लेने वाला कोई नहीं था. बाहर गाड़ी थी, जिससे सबको घर भेजा गया. यह पहली बार हुआ है कि बिना किसी भीड़ भाड़ के ट्रेन आयी और चली भी गयी.

राजस्थान के प्रवासी मजदूरों की भी हुई मेडिकल स्क्रीनिंग
झारखंड सरकार द्वारा राजस्थान के प्रवासी श्रमिकों को अपने गृह जिला भेजने की व्यवस्था की जा रही है. इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले में निवास कर रहे राजस्थान के प्रवासी श्रमिकों का बुधवार को लोयोला स्कूल में मेडिकल स्क्रीनिंग किया गया. उक्त सभी लोगों को जिला प्रशासन द्वारा 14 मई के पूर्वाह्न तक बस से रांची भेजा जाएगा जिसके बाद आगे का सफर वे ट्रेन से करेंगे। लोयोला स्कूल में सामाजिक दूरी के नियमों का विशेष ध्यान रखते हुए सभी का मेडिकल स्क्रीनिंग किया गया. रांची जाने वाले सभी बसों को सैनिटाइज करने के उपरांत ही श्रमिकों को उसमें बैठाया जाएगा.
बसों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस जवान की देखरेख में सभी को रांची पहुचाया जाना है. टाटानगर स्टेशन पर बुधवार को भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से शहर के दो व्यक्ति टाटानगर स्टेशन पहुंचे जिनको मेडिकल स्क्रीनिंग के पश्चात संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया है. दोनों व्यक्तियों के स्वाब का सैंपल जांच के लिए लिया जाएगा वहीं उक्त ट्रेन से ही 61 लोगों को मेडिकल स्क्रीनिंग के पश्चात उनके गंतव्य स्थान को रवाना किया गया. साथ ही साथ बेंगलुरू एवं कोयंबटूर से बोकारो तथा बेंगलुरु से हटिया श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आने वाले यात्रियों को बस से जमशेदपुर लाया जा रहा है. कुछ बसें जमशेदपुर पहुंच चुकी हैं जिनके यात्रियों का लोयोला स्कूल में स्वाब का सैंपल जांच के लिए लिया गया है तथा सभी को क्वारंटाइन अवधि में क्या-क्या सावधानियां बरतनी है इसकी भी जानकारी मौके पर उपस्थित चिकित्सा कर्मियों द्वारा दी गयी.






