
जमशेदपुर : सरायकेला स्थित राजनगर में कैनाल में काम करने वाले 37- मजदूर उत्तर प्रदेश स्थित जौनपुर जिला के लिए पैदल ही निकल पड़े. वे कैनाल में लगभग 7 माह से काम कर रहे थे. धीरे-धीरे लॉकडाउन बढ़ने से मजदूरों की माली हालत खराब हो चुकी थी. इसलिए मजदूरों ने पैदल ही जाने का ही निर्णय लिया. पैदल जाने के क्रम में बागबेड़ा रोड नंबर 6 के पास पहुंचे, तो युवाओं ने रोक कर पूछताछ की. उसके बाद बागबेड़ा थाना प्रभारी को फोन के माध्यम से सूचित किया गया. सभी को थाना लाया गया. सभी लोगों को सूची तैयार कर रखने की व्यवस्था की जा रही है. झारखंड सरकार के निर्देश के अनुसार किसी भी मजदूर को सड़क मार्ग से पैदल नहीं जाने देना है. इस संबंध में सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है. युवाओं के द्वारा सूचित करने बाद मजदूरों को थाना लेकर पहुंचे. उसके बाद युवाओं ने इसकी सूचना स्थानीय विधायक संजीव सरदार को दी. वहीं नीरज कुमार शर्मा के द्वारा सहयोग के तौर पर पानी गुड़ की व्यवस्था की गयी. इसके अलावा खिचड़ी खिलायी गयी. विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मजदूर पैदल नहीं जायेंगे. उन्हें बस के माध्यम से उत्तर प्रदेश भेजा जायेगा. इस दौरान विनोद, अपर्णा गुहा, सविता राय समेत अन्य उपस्थित थे.















