
बहरागोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन होने से वाहनों का परिचालन बंद है. रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन किये मजदूर अब अपने घर वापसी कर रहे हैं. कई मजदूर साइकिल और पैदल ही कई किमी का रास्ता तय कर गांव वापस आ रहे हैं. झारखंड प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह युवा भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी के सहयोग से बड़सोल मंडल अध्यक्ष रघुनाथ दास के नेतृत्व में दारिशोल चेक पोस्ट और जगन्नाथपुर में भाजयोमु कार्यकर्ताओं द्वारा पैदल चलकर अपने गांव वापस आ रहे 45 प्रवासी मजदूरों को भोजन पैकेट वितरित किया गया. इस दौरान पर बड़सोल मंडल अध्यक्ष रघुनाथ दास ने कहा कि अब कुणाल षाड़ंगी की पहल पर प्रति दिन प्रवासी मजदूरों के लिए भोजन की व्यवस्था लॉक डाउन के दौरान की जाएगी. भोजन वितरण कार्यक्रम में ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंडी चरण साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तपन ओझा, जिला मंत्री रोहित कुइला, मुखिया सुधीर सिंह, सुमन कल्याण मंडल, बिलटू दास, भाजयुमो अध्यक्ष अभिजीत दास, भाजयुमो सदस्य कमल आचार्य, सदाशिव दास, अशोक सेन, सुकमार दास समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे.















