
जमशेदपुर : कोरोना वायरस(कोविड-19) के संक्रमण रोकथाम के मद्देनजर जमशेदपुर का जिला प्रशासन द्वारा लॉक डाउन के अनुपालन एवं आम जन के सुरक्षा के मद्देनजर हर आवश्यक सावधानिया बरती जा रही हैं. इसी क्रम में सोमवार की देर शाम उपायुक्त रविशंकर शुक्ला एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एम तमिल वाणन ने बागबेड़ा एवं जुगसलाई क्षेत्र में लॉक डाउन के अनुपालन का जायजा लिया एवं सड़क पर निकले लोगों से उनके आवागमन के बारे में पूछताछ की. इस दौरान जिले के वरीय पदाधिकारियों ने अनावश्यक घरों से बाहर नही निकलने की हिदायत लोगों को दिए साथ ही दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को बिना कारण घरों से बाहर निकलने वाले लोगों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए. जुगसलाई में सब्जी बाजार के निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को 7 बजे से पहले दुकान बन्द कर देने की हिदायत दी गयी साथ ही सभी विक्रेताओं से मास्क का प्रयोग करने, सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने हेतु निदेशित किया. उपायुक्त ने कहा कि एक दुकान से दूसरे दुकान के बीच कम से कम 15 फीट की दूरी सीमा का पालन अवश्य करें. वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन अवश्य करायें. ध्यान रहे कि वाहन सवारों के बीच भी सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन हो. जमशेदपुर में 100 लोगो को गिरफ्तार किया गया है जिसमे सीतारामडेरा से 60, बागबेड़ा से 32 और जुगसलाई से 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम की निगरानी में मानगो, जुगसलाई एवं आसपास के क्षेत्र में चलाया गया चेकिंग अभियान
मानगो, जुगसलाई एवं आसपास के क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक(नगर) सुभाष चंद्र जाट एवं अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम चन्दन कुमार के निगरानी में वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क पर अनावश्यक निकले लगभग 20 लोगों को लॉक डाउन के उल्लंघन के मामले में पकड़ा गया. साथ ही माइकिंग के माध्यम से लोगों को सख्त हिदायत दी गयी की आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकले नही तो विधि सम्मत कार्र्वाई की जायेगी। इस दौरान जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार एवं डीएसपी सीसीआर अरविंद कुमार उपस्थित थे.














