
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन होने से चाकुलिया के सभी दुकान, वाहन और फैक्ट्री का परिचालन बंद है. लॉकडाउन का अनुपालन कराने के क्रम में सीओ अरविंद ओझा और थाना प्रभारी अनिल नायक ने काकड़ीशोल गांव में संचालित भगवती सोप फैक्ट्री का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पदाधिकारीयों ने फैक्ट्री में लॉकडाउन का उल्लंघन पाया है. सीओ ने कहा कि फैक्ट्री संचालन के लिए अस्थायी आदेश नियम के तहत संचालन करने का आदेश दिया गया था, परंतु फैक्ट्री मालिक द्वारा नियमों का पालन नही किया जा रहा है. कहा कि फैक्ट्री में मजदूर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है और ना ही सैनिटाइजर या साबुन की व्यवस्था की गई है. फैक्ट्री के संचालन में मालिक द्वारा लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के खिलाफ सीओ अरविंद ओझा की लिखित शिकायत पर थाना में भगवती सोप फैक्ट्री के मालिक केशव रुंगटा के खिलाफ डीएमए एक्ट के तहत धारा 188, 279, 270 भादवि के तहत देर रात मामला दर्ज किया गया है.






