
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जिला प्रशासन ने दुकानदारों को रात 9 बजे तक दुकानों को खोलने की इजाजत दे दी है, लेकिन रात के 9 बजे के बाद कर्फ्यू में सख्ती बरती गयी है. इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने साफ निर्देश दे दिया है कि रात 9 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक किसी को सड़क पर देखना नहीं चाहती है. इसको देखते हुए जमशेदपुर के साकची बाजार के दुकानदारों ने शनिवार की सुबह मीटिंग की. साकची बाजार के रिटेल मर्चेन्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमनाथ तिवारी और महासचिव संदीप बर्मन की अध्यक्षता में यह मीटिंग हुई, जिसमें कहा गया कि जिला प्रशासन के ओर से प्रतिदिन रात्रि 9:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक लगने वाले कर्फ़्यू को सख्त करने का आदेश आया है.
ऐसे में यदि रात्रि 8:30 बजे तक दुकानें खुलीं रहेंगी तो समय से घर पहुंचना दुकानदारों के लिए तो मुश्किल होगा ही, साथ ही कर्मचारियों के लिए और भी ज्यादा मुश्किल होगा जो बाजार से काफी दूर रहते हैं और साइकिल या ऑटो से आते हैं. वर्त्तमान माहौल में जबकि कुछ दुकानें खुली हैं मगर ज्यादातर दुकानें बंद है, ऐसे में सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी देर तक बाजार का खुला होना उचित नहीं है. इसको देखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अपनी दुकानें संध्या 7:30 बजे तक बंद कर देंगे. बैठक में अध्यक्ष सोमनाथ तिवारी, महासचिव संदीप बर्मन, गिरधारी मोदी, राजकुमार बंसल, सरबजीत सिंह एवं सुशील बर्मन उपस्थित थे. शनिवार से अगले निर्णय तक यह व्यवस्था जारी रहेगी.


















