
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में शनिवार को प्राचार्या प्रो (डॉ) शुक्ला महांती की अध्यक्षता में परीक्षा बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निर्णय लिया गया कि 8 जुलाई से स्नातक कला, वाणिज्य, विज्ञान व व्यावसायिक पाठ्यक्रम के छठें तथा पीजी के सभी विषयों के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी, जिसे दो पालियों की दो-दो अलग समयावधि में संपन्न कराया जाएगा। पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 और 10:30 से 12:30 तो दूसरी पाली में 1:30 से 3:30 और 2:30 से 4:30 तक का समय निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षार्थी छात्राएं परीक्षा से 2 घंटे पहले महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर पहुंचेगी। परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों और वीक्षकों को सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया से गुजरना है। परीक्षार्थियों को केवल अपना प्रवेश पत्र लाने की अनुमति होगी। इसके अलावा कोई भी वस्तु व बड़े बैग लेकर अंदर नहीं जा सकतीं। प्रवेश पत्र की सॉफ्ट प्रति भी मान्य होगी। परीक्षार्थियों को अपना पानी भी लाना होगा और मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सीट प्लान की सूचना कॉलेज की वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप में एक दिन पहले ही जारी कर दी जाएगी ताकि छात्राएं पहले से अपनी सीट से अवगत हो सकें। यह भी निर्णय लिया गया कि जिन विषयों में परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा है उनके लिए जरूरत के हिसाब से दो या तीन अलग-अलग प्रश्न पत्र के सेट तैयार कराए जाएंगे और इनकी परीक्षाएं भी दो या तीन अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएंगी। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। बैठक में प्राचार्या के अलावा परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम, डॉ जावेद अहमद, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ रूपाली घोष, डॉ ग्लोरिया पूर्ति, डॉ अन्नपूर्णा झा समेत परीक्षा विभाग के सभी सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में लिये गये निर्णय
- स्नातक कला, विज्ञान, वाणिज्य और व्यावसायिक पाठ्यक्रम के सेमेस्टर दो और चार तथा स्नातकोत्तर के सभी विषयों के सेमेस्टर दो की परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी
- किसी भी विषय की प्रायोगिक परीक्षा नहीं ली जाएगी, बल्कि उनके स्थान पर क्लास प्रैक्टिकल वर्क, प्रोजेक्ट और रिकॉर्ड बुक के आधार पर समतुल्य अंक प्रदान किए जाएंगे
- प्राचार्या ने कहा कि लॉकडाउन के चलते जिन छात्राओं को आर्थिक समस्या आई है उन्हें किसी भी स्थिति में परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा
- छात्राएं परीक्षा संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए कॉलेज के कोविड-19 सेल में संपर्क कर सकती हैं
- इस सेल के सभी सदस्यगण के संपर्क नंबर व ईमेल आईडी कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं
- सभी परीक्षार्थी छात्राएं परीक्षा से 2 घंटे पहले महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर पहुंचेगी
- परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों और वीक्षकों को सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा


















