
चाईबासा : चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राज्य सरकार द्वारा बाजार शुल्क लगाने की योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इस मांग को लेकर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने शनिवार को अध्यक्ष नीतिन प्रकाश के नेतृत्व में सरनाडीह स्थित आवासीय कार्यालय में विधायक दीपक बिरुवा को ज्ञापन सौंपा। इस पर विधायक श्री बिरुवा ने चेंबर के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह कृषि सचिव से इस संबंध में बात कर हल निकालेंगे। ज्ञापन में चेंबर की ओर से कहा गया है कि झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार, बंगाल, ओड़िशा में कहीं भी इस तरह का शुल्क लागू नहीं है। ऐसे में बाजार शुल्क लागू करने से झारखंड में मंहगाई बढ़ेगी। चेंबर ने बताया कि बाजार शुल्क लागू होने से शुल्क के नाम पर किसानों का दोहन, व्यवसायियों का भयादोहन व भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। वहीं झारखंड मुख्य रूप से उपभोक्ता राज्य है, जहां कृषि आधारित वस्तुएं अन्य राज्यों से आयातित होती है। ऐसे में बाहर से आयातित होने वाली कृषि उपज पर कृषि शुल्क लगाना न्याय संगत नहीं है। वर्ष 2015 में तत्कालीन झारखंड सरकार द्वारा बाजार शुल्क की समीक्षा कर बाजार शुल्क को अनुपयोगी, जनविरोधी मानते हुए बाजार समिति को भंग कर दिया गया था। इसलिए चेंबर आग्रह करता है कि गंभीरता पूर्वक अध्ययन के बाद ही बाजार शुल्क लागू करने का निर्णय लिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष नीतिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विनोद दाहिमा, मनोज अग्रवाल व सचिव संजय चौबे शामिल थे।


















