
सरायकेला : जिले के बड़ाबंबो- कुचाई मुख्य मार्ग पर सोनापोस गांव के पास एक बाइक पर सवार दो युवक अनिंत्रित हो कर बिजली के पोल से टकरा गए. वहीं स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को आनन-फानन में खरसावां ले गए. जहां गम्भीर रूप से घायल छोटाबांबो गांव के 25 वर्षीय नरसिम्हा महतो को सरायकेला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने नरसिम्हा महतो को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे युवक 40 वर्षीय मिहिर महतो का पैर टूट गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार आमदा ओपी क्षेत्र के छोटाबांबो गांव के नरसिम्हा महतो व मिहिर महतो रविवार को दोपहर करीब दो बजे एक बाइक पर सवार हो कर बड़ाबांबो से कुचाई की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सोनापोस गांव के पास बीच सड़क पर अचानक कुछ मवेशी आ गये. वहीं मवेशियों को बचाने के क्रम में बाइक अनियंत्रित हो कर एक बिजली के पोल से टकरा गया. जहां दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना रविवार करीब तीन बजे के आस पास की बताई जा रही है. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोगों ने गंभीर रुप से घायल नरसिम्हा महतो को इलाज के लिये सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर इस सड़क दुर्घटना में घायल मिहिर महतो का खरसावां के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. नरसिम्हा महतो के पिता कार्तिक महतो ने बताया कि नरसिम्हा सेना में कार्यरत था. नरसिम्हा की पदस्थापना लद्दाख में थी. उन्होंने बताया कि बीते पांच जून को वह अपने गांव लौटा था. रविवार को वह अपने ममेरा भाई के शादी का कार्ड बांटने के लिये कुचाई के किसी गांव में जा रहा था. इसी दौरान सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गयी.







