
रांची : झारखंड सरकार ने लॉकडाउन को खोलने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है. झारखंड में शुक्रवार से अब कपड़े, जूते, चप्पल समेत तमाम तरह की दुकानों को खोलने की इजाजत दे दी है. राज्य में पिछले कई दिनों से अनलॉक होने के बावजूद जूता, चप्पल और कपड़ों की दुकानों को खोलने की इजाजत नहीं दी गयी थी. इसको लेकर काफी दिनों से लोग हंगामा कर रहे थे तो आंदोलन की चेतावनी दे रहे थे. गुरुवार को खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्विट कर इसकी अधिकारिक जानकारी दी कि जूता-चप्पल और कपड़ों की दुकानें शुक्रवार से खुल सकेंगी. इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा गया है और मास्क को पहनने का भी निर्देश दिया गया है. इसमें किसी तरह की लापरवाही को बरदाश्त नहीं की जायेगी. अब लगभग तय हो गया है कि राज्य में सभी बड़ी दुकानें खुल जायेंगी. इस दौरान मॉल को खोलने की इजाजत नहीं दी गयी है, लेकिन जितने भी शो रूम अलग से मॉल को छोड़कर है, उसको खोलने की इजाजत दे दी गयी है. सभी तरह की दुकानों को खोलने की इजाजत मिल जाने के बाद अब लोग भी राहत की सांस ले सकेंगे जबकि कारोबारियों को भी इससे आसानी हो सकेगी. स्पा, सैलून, होटल, धर्मशाला, नाई की दुकानों को खोलने की इजाजत नहीं दी गयी है. जो पहले से गाइडलाइन जारी किये गये है, उसको भी अनुपालन करते हुए सभी कार्य को किया जाना है. इसके अलावा इ-कॉमर्स की कंपनियों को भी चलाने की इजाजत नहीं दी गयी है.







