
जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस की गुंडागर्दी सामने आयी है. गोलमुरी थाना प्रभारी ने केबुल कंपनी में नाइट शिफ्ट में तैनात ओबिडिएंट सिक्यूरिटी एजेंसी के दो सुरक्षाकर्मियों को मार कर उनका सिर फोड़ दिया, तो एक को पैर में चोट लगी है. इससे पहले उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के सुपरवाइजर को भी पीटा.
सुपरवाइजर अंगद महतो ने मीडिया को बताया कि बीती रात नाइट शिफ्ट में वे कंपनी में ड्यूटी पर थे. रात 10 बजे ड्यूटी पर आने के बाद गन मैन के साथ उन्होंने राउंड मार कर चारों तरफ देख लिया. उसके बाद आगे के पोस्ट पर आकर बैठ गये. इस बीच कंपनी के कैशियर का फोन आया. फोन पर कैशियर ने कहा कि कंपनी में पीछे के तरफ चोरी हो रही है, कुछ सामान बाहर फेंका गया है.

इसके बाद अंगद महतो साथी सुरक्षाकर्मियों के साथ जाकर कंपनी के पिछले हिस्से में देखा. चूंकि रात के समय वे कंपनी की बाउंड्री से बाहर नहीं निकलते, इसलिए अंदर से ही देखा, तो लोहे का कुछ टुकड़ा बिखरा पड़ा था. उसे सहेज कर उन्होंने रख दिया. कुछ देर बाद उन्हें कंपनी के कामेश्वर बाबू ने बताया कि बड़ा बाबू (थाना प्रभारी) आये हैं, वह बुला रहे हैं.
गेट पर जाकर जैसे ही गेट खोला, बड़ा बाबू ने अंगद महतो को थप्पड़ जड़ दिया. इस क्रम में वह झुके तो पीठ पर डंडा भी मारा. इसके बाद अन्य सुरक्षाकर्मियों की भी पिटाई की, जिसमें दो का सिर फूट गया तथा एक को पैर में चोट आयी है. घटना के बाद घायलों को मरहम-पट्टी करायी गयी.







