
चाईबासा : कारगिल विजय दिवस की 21वीं वर्षगांठ पर रविवार को कांग्रेसियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की. शहीद पार्क स्थित शहीद स्मारक पर कांग्रेसियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. कारगिल विजय दिवस हर वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है. 1999 में कारगिल युद्ध लगभग 60 दिनों तक चला और 26 जुलाई को उसका अंत हुआ. इसमें भारत की विजय हुई. इस दिन कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के सम्मान के लिए मनाया जाता है. कांग्रेसियों ने कारगिल के जवानों को एक स्वर में श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस सचमुच में भारत की अद्भुत सैन्य सेवा परंपरा, अदम्य साहस और बलिदान का उत्सव है. हमारी सशस्त्र सेनाओं के साहस और उनकी देशभक्ति ने ये सुनिश्चित कर दिया है कि भारत सुरक्षित है. 26 जुलाई 1999 के दिन भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध के दौरान चलाए गए ऑपरेशन विजय को सफलतापूर्वक अंजाम देकर भारत भूमि को घुसपैठियों के चंगुल से मुक्त कराया था. इसी की याद में 26 जुलाई अब हर वर्ष कारगिल दिवस के रूप में मनाया जाता है. श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई , सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय , जितेन्द्र नाथ ओझा , राकेश सिंह , राजेन्द्र कच्छप , नीरज कुमार झा , नारायण निषाद , सुशील कुमार दास आदि शामिल रहे.







