- मामला : अनुमंडल आवास से मुख्य सड़क तक बनने वाली पीसीसी सड़क का
- भूस्वामी ने रूकवाया कार्य, ग्रामीण मुण्डा ने कहा-मुझे कोई जानकारी और ग्रामसभा की सूचना नहीं

जगन्नाथपुर : इन दिनो बिना ग्रामसभा के ही प्रखंड व पंचायत स्तर से योजना को हरी झंडी मिल जा रही है। ऐसा ही एक मामला जगन्नाथपुर प्रखंड मुख्यालय के जगन्नाथपुर पंचायत में प्रकाश में आया है। मालूम हो कि जगन्नाथपुर अनुमंडल कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों व अधिकारियों की सुविधा के लिए करोड़ों खर्च कर दो तीन मंजिला आवास तो बना दिया गया, लेकिन उन कर्मियों को निकलने के लिए रास्ता नहीं बनाया गया है। अब कई वर्षों बाद स्थानीय जिला प्रशासन की नींद खुली तो आवास से लेकर मुख्य सड़क तक पीसीसी सड़क बनाने के लिए जगन्नाथपुर प्रखंड के द्वारा पंचायत का विकास होने वाली राशि से उक्त रास्ता को बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया। इधर भूस्वामी जयारानी पाड़िया के पति द्वारा उक्त सड़क निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया। वहीं भूस्वामी द्वारा योजना को पास करने के पहले ग्रामसभा की प्रति दिखाने की मांग की, तो न स्थानीय जिला प्रशासन दिखा सका और न ही पंचायत सेवक। जबकि उक्त कार्य के लिए करीब चार लाख रुपया का आवंटन किया गया और कार्य को धरातल पर लाने के लिए पैसे की निकासी भी कर ली गई। इस सबंध में जब ग्रामीण मुण्डा से पूछा गया, तो उन्होंने कहा गया कि इस योजना के लिए कोई ग्रामसभा नहीं की गयी और न ही कोई सूचना दी गई है। ऐसी कई योजनाएं हैं जो जगन्नाथपुर में बगैर ग्रामसभा के ही पूर्ण कर दी गयी हैं। जबकि किसी भी योजना के लिए त्रिस्तरीय पंचायत अधिनियम में ग्रामसभा किये बगैर कोई कार्य नहीं होना है। जगन्नाथपुर पंचायत में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, उसे सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता है. लेकिन जगन्नाथपुर पंचायत में सड़कों पर कचड़ा पड़ा है, पानी बह रहा है, जिस पर प्रशासन और पंचायत के मुखिया की नजर नहीं पड़ती है।







