
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत के जयपुरा गांव के पास निर्मित शाखा कैनाल विगत दो दिन पहले वर्षा में मिट्टी कटाव होने से ध्वस्त हो गया है. कैनाल ध्वस्त होने से उसके बगल के खेती में पानी में डूबकर धान के बिचड़े नष्ट हो गए हैं. इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है. कैनाल टूटने से किसानों को क्षति की सूचना पाकर बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती गांव पहुंचे और किसानों की क्षति का आंकलन किया. विधायक समीर महंती ने गांव से ही विभागीय पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि निर्माण के कुछ सालों बाद ही कैनाल किस तरह ध्वस्त हो गया, इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाये और किसानों को क्षति का मुआवजा दिया जाये. पदाधिकारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि सोमवार को स्थल पहुंच कर जांच की जाएगी और विभाग द्वारा उचित पहल की जाएगी. इस दौरान वासुदेव महतो, उमा महतो, संजय महतो, पिकलू महतो, कृष्णा महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







