
चाकुलिया : चाकुलिया वन विभाग कार्यालय से एक किमी दूर पर दीघी गांव से सटे साल जंगल में 22 हाथियों के एक दल के आने की सूचना पर बीती रात वन विभाग की टीम ने हाथियों को जंगल से खदेड़ दिया. बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम जब हाथियों को जंगल से बाहर निकाल रही थी तभी अंधेरे में सात हाथी चाकुलिया-धालभूमगढ मुख्य सड़क किनारे सुनसुनिया जंगल की ओर चले गए. वहीं अन्य हाथियों को वनकर्मी जामिरा पहाड़ की ओर ले जाने में सफल रहे. वनरक्षी ने बताया कि हाथियों का एक झुंड शाकाभांगा जंगल में है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल हाथियों के कई झुंड क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहे हैं, जिस कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है. हाथियों ने इस बार वन क्षेत्र को काफी नुकसान पहुंचाया है. जानकारी हो कि विगत दो माह से हाथियों का दल लगातार क्षेत्र में विचरण कर रहा है और फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है. हाथियों के डर से ग्रामीण दहशत में हैं.







