
बहरागोड़ा: बहरागोड़ा के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर में वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा राष्ट्रीय बांस मिशन के अंतर्गत बाम्बू प्रोडक्ट डेवलपमेंट सेंटर का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने नारियल फोड़ कर और फीता काटकर किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री महंती ने कहा कि बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र बांस के लिए प्रसिद्ध है. यहां के बांस और उससे संबंधित निर्मित वस्तुओं के निर्यात होने से स्थानीय किसान और कारीगरों को लाभ मिलेगा. इससे पूर्व लोग स्थानीय लोग रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों की ओर पलायन करते थे. राज्य सरकार ने यहां बांस से निर्मित वस्तुओं के निर्माण के लिए प्लांट लगाकर स्थानीय मजदूर और कारीगरों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण मजदूर और कारीगर प्लांट से जुड़कर रोजगार प्राप्त करे. कहा कि प्लांट के लगने से यहां से मजदूरों का पलायन भी रूकेगा. श्री महंती ने कहा कि कारीगर बांस से निर्मित वस्तुओं का निर्माण करे, विभाग उन वस्तुओं को बाजार उपलब्ध कराकर स्थानीय कारीगरों को रोजगार उपलब्ध कराएगी. इससे उनकी आय में वृद्धि होगी. जिससे समाज का विकास होगा, जब समाज का विकास होगा तो देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी. मौके पर डीएफओ, रेंजर अलख निरंजन तिवारी, झामुमो केंद्रीय सदस्य आदित्य प्रधान, अध्यक्ष असित मिश्रा, गुरुचरण मांडी, समीर दास, मदन मन्ना,अरुण बारीक,रासबिहारी साव, सुब्रतो पाणी, जदुपति राणा, पीकू दास, बबलू गिरी, तारक घटवार समेत अन्य उपस्थित थे.















