
मुसाबनी : मुसाबनी के स्वासपुर स्थित कॉन्स्टेबल ट्रेनिंग सेंटर में बनाये गए कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी अमर कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी सीमा कुमारी ने किया. इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारी, सीएचओ, सफाई कर्मी, कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ बैठक भी किया. बैठक में वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के दिन आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों के लिए विशेष भोजन का प्रबंध करने का निर्देश दिया गया. भोजन वितरण करने वालों को निर्देश दिया गया कि वे ससमय भोजन दें और भोजन वितरण करने के समय में भी बदलाव करने का निर्देश दिया गया. सफाई कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे ससमय सफाई करें और उपयोग किए गए वस्तु और अन्य सामानों का डिस्पोजल बताये गए नियमों के अनुसार करें. आइसोलेशन सेंटर में रह रहे बच्चों को दूध देने का निर्देश दिया गया. कम्प्यूटर ऑपेरेटर को ससमय डाटा संधारित करने का निर्देश दिया गया. मौके पर वरीय पदाधिकारियों ने आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि कोविड-19 आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों को मुसाबनी प्रखंड कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से दूरभाष के माध्यम से भी संपर्क कर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है. सभी कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने और हमेशा मास्क का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है और नियमित अंतराल में अपने हाथों को साबुन व साफ पानी से धोते रहने और सेनिटाइजर के प्रयोग का निर्देश दिया गया है.







