
Chakulia : जिले के चाकुलिया प्रखंड स्थित नगर पंचायत क्षेत्र में भी अब कोरोना का प्रकोप बढ़ने लगा है. पिछले 15 दिनों में ही 28 कोरोना संक्रमित पाये जाने से स्थानीय प्रशासन और लोगों की नींद उड़ी हुई है. हर कोई सोचने पर विवश है कि आखिर नगर पंचायत क्षेत्र में इतनी तेजी से लोग किस तरह कोरोना की चपेट में आ रहे हैं और इस पर नियंत्रण कैसे किया जा सकता है.
विगत दिनों कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दुर्गा मंदिर प्रांगण में सर्वदलीय बैठक कर तीन दिवसीय लॉक डाउन की घोषणा की गई, ताकि कोरोना के बढ़ते चेन को तोड़ा जा सके, परंतु कोरोना का क्रम बढ़ ही रहा है. पिछले 15 दिनों में अबतक कुल 28 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं. कोरोना की बढ़ते रफ्तार को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र में सैनिटाइजिंग कराने और जिस क्षेत्र से कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं उस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाने की मांग कर रहे हैं, ताकि उस क्षेत्र में लोगों के आने-जाने पर प्रतिबंध लग सके. नपं क्षेत्र में कोरोना के बढ़ने से क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.
इधर नपं क्षेत्र में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए नपं प्रशासन द्वारा शनिवार रात में पुराना बाजार क्षेत्र में सैनिटाइजिंग करायी गयी. इस संबंध में नपं के उपाध्यक्ष सुमित लोधा ने कहा कि रविवार और सोमवार को भी नपं क्षेत्र में सैनिटाइजिंग की जाएगी, ताकि क्षेत्र में लोग सुरक्षित रह सकें. वहीं स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ग्रामीण अनावश्यक घर से बाहर न निकलें और भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें. मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहे और सरकार के नियमों का पालन कर कोरोना को क्षेत्र में फैलने से रोकने में स्थानीय प्रशासन को सहयोग करें.







