जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे एसएसपी ने बागबेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना क्षेत्र की मुख्य सड़कों के साथ-साथ अंदरूनी गलियों में भी नियमित और सघन रात्रि गश्त सुनिश्चित की जाए. ( नीचे देखें पूरी खबर)

विशेष रूप से उन स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया, जहां असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी की शिकायतें मिलती रही हैं. उन्होंने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू तथा अन्य प्रतिबंधित हथियारों की बरामदगी के लिए विशेष जांच अभियान चलाने को कहा. एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर सतर्कता, नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे.





