जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, जमशेदपुर ने 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित ताज पैलेस होटल में आयोजित झारखंड स्टेकहोल्डर्स मीट में सक्रिय भागीदारी निभाई. चैंबर का प्रतिनिधित्व उद्योग उपाध्यक्ष हर्ष बकरेवाल एवं उद्योग सचिव विनोद शर्मा ने किया. इस स्टेकहोल्डर्स मीट का आयोजन प्रस्तावित ड्राफ्ट झारखंड औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन नीति, 2026 पर उद्योग जगत एवं अन्य हितधारकों से सुझाव प्राप्त करना था, ताकि झारखंड को देश के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में शामिल किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के दौरान सिंहभूम चैंबर ने संतोष व्यक्त किया कि उसके कई महत्वपूर्ण सुझावों को ड्राफ्ट नीति में स्थान दिया गया है. चर्चा में झारखंड की औद्योगिक नीति को देश के अग्रणी राज्यों की नीतियों के अनुरूप बनाने, उद्योगों को शीघ्र एवं निर्बाध स्वीकृतियां प्रदान करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने तथा राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को व्यापक जानकारी, डिजिटल सेवाएं एवं हैंड होल्डिंग सहायता उपलब्ध कराने के लिए एआइ-संचालित “झारखंड एमएसएमई कनेक्ट पोर्टल” शुरू करने पर विशेष जोर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सिंहभूम चैंबर ने इस दौरान हुई ऐतिहासिक निवेश घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रस्तावित औद्योगिक नीति तथा बड़े निवेश राज्य में औद्योगीकरण, आधारभूत संरचना के विकास, रोजगार सृजन एवं समग्र आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेंगे. चैंबर ने झारखंड सरकार एवं सभी हितधारकों के साथ मिलकर राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने तथा सतत औद्योगिक विकास सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.







