
रांची : लॉकडाउन के कारण मार्च से नया ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम बंद है. लोगों करीब 5 हजार लंबित आवेदनों और दबाव के कारण परिवहन विभाग ने नया लाइसेंस बनाने का काम फिर से शुरू करने का आग्रह किया था. जिस पर मंगलवार को सरकार ने गाइडलाइंस के पालन के साथ नया ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की अनुमति प्रदान कर दी. इसके बाद परिवहन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है. जारी आदेश में परिवहन सचिव के रवि कुमार ने सभी जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) से कहा कि राज्य में वाहनों के परिचालन, आम लोगों की परेशानियों और राजस्व में होने वाली क्षति को देखते हुए राज्य में लर्निग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. सचिव के आदेश के बाद सभी जिलों में 16 अक्टूबर से नया और लर्निग लाइसेंस बनाने का काम आरंभ कर दिया जाएगा. इससे पहले सभी जिलों में सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार ट्रायल वाले स्थान को कोरोना संक्रमण से बचाव के साथ तैयार किया जा रहा है. जल्द ही नया या लनिर्ंग लाइसेंस बनाने वालों के लिए नई गाइडलाइंस जारी हो सकती है.







