
नयी दिल्ली: एक नवंबर से देश में रसोई गैस सिलिंडर के लिए नियम बदलने वाला है. अगले माह से होम डिलीवरी में बदलाव होगा. इसके लिए वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) जरूरी हो जाएगा. इस सिस्टम को डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड का नाम दिया गया है.अब सिर्फ बुकिंग कराने पर आपको सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिलेगी. इसके लिए आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक कोड भेजा जाएगा, उस कोड को आपको डिलीवरी ब्वाय को बताना होगा. ऐसा करने पर ही ग्राहकों को रसोई गैस सिलिंडर मिलेगा.इसलिए अगर किसी ग्राहक का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, तो उसको एप के जरिए अपना नंबर अपडेट करना होगा. यह एप डिलीवरी ब्वाय के पास होगा. नंबर अपडेट कराने के बाद कोड जनरेट होगा. गैस सिलिंडर की चोरी रोकने के लिए और ग्राहकों की पहचान के लिए कंपनिया डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड सिस्टम शुरू कर रही हैं. शुरुआत में यह 100 सिटी में लागू होगा. बाद में इस व्यवस्था को दूसरे शहरों में लागू किया जाएगा.







