
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय के निर्देश पर उनके निजी सहायक ऋकेन्दु रंजन केशरी ने जुस्को के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की कई बस्तियों में आज भी पेयजल जैसी मूलभूत जनसुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी है. उन्होंने पत्र में यह भी जिक्र किया है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव होने के कारण इन बस्तियों में निवास करने वाले नागरिकों को पेयजल से संबंधित कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है. पत्र में यह भी चिंता व्यक्त किया गया है कि कई नागरिकों को पेयजल का कनेक्शन प्रदान करने के लिए जुस्को (टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी) द्वारा आवेदन लेकर रसीद दे दिया गया है, परंतु महीनों बीत जाने के बाद भी इन नागरिकों को आज तक जुस्को से पेयजल का कनेक्शन नहीं मिल पाया है. वैसे क्षेत्र जहां पेयजल का कनेक्शन जुस्को द्वारा अभी तक नहीं दिया गया है उसकी सूची पत्र के साथ जुस्को को भेज दी गयी है. विधायक सरयू राय के निर्देश पर उनके निजी सहायक ने जुस्को के प्रबंध निदेशक को इन बस्तियों में यथाशीघ्र पेयजल का कनेक्शन देने का अनुरोध किया है. ज्ञात हो कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय से कई लोग जुस्को तथा मोहरदा जलापूर्ति योजना से पेयजल का कनेक्शन को लेकर प्रतिदिन शिकायत करते हैं. लोगों की शिकायत होती है कि वे वर्षों से इसके लिए परेशान हैं परंतु सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा है. कई लोगों से जुस्को द्वारा आवेदन लेकर इसका रसीद भी दे दिया गया है. कईयों ने वर्ष 2015 में ही आवेदन कर दिया था जिसमें जुस्को द्वारा दिया गया आवेदन संख्या और तिथि दर्ज है, परंतु इन्हें आज तक पेयजल का कनेक्शन नहीं मिल पाया. श्री राय ने लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इन्हें जल्द पेयजल का कनेक्शन देने के लिए जुस्को को पत्र लिखवाया है.






