
बहरागोड़ा : विगत कुछ दिन पहले आबकारी विभाग की छापेमारी से डरकर भागने के क्रम में चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर अवैध शराब कारोबारी की कार के धक्के से मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई थी. इसमें बहरागोड़ा प्रखंड के कदोकोठा गांव निवासी एक ही परिवार के टोपो राणा और उनकी पत्नी छाया रानी राणा की मौके पर मौत हो गयी थी. सूचना पर बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी कदोकोठा गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया. साथ ही उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. मौके पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन से मुलाकात कर आबकारी विभाग समेत अन्य सरकारी विभागीय मुआवजा, परिवार के बच्चों को उनके शिक्षा के अनुसार सरकारी नौकरी देने का आग्रह किया है. साथ ही साथ एसएसपी से आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने का आग्रह किया है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि मृतक के परिवार के किसी एक सदस्य को शैक्षणिक योग्यता के अधार पर सरकारी नौकरी देने की दिशा में पहल की जाये. मौके पर बहरागोड़ा प्रखंड प्रमुख शास्त्री हेम्ब्रम, दीपक बारीक, संजीव कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.







