
जमशेदपुर : बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का कार्य बरसात के दिनों में नदी में पानी बढ़ जाने के कारण प्रभावित था. लेकिन अब नदी में जलस्तर घट गया है. इसके मद्देनजर जमशेदपुर-8 जिला परिषद सदस्य किशोर यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के मुखिया, उप मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचा. वहां उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंप कर योजना कार्य में तेजी लाने की मांग की गयी है. ज्ञापन में कहा गया है कि बागबेड़ा ग्रामीण योजना कार्य लगभग बंद है. बागबेड़ा बड़ौदा घाट राइजिंग पाइप पार करने के लिए 22 पीलर का ब्रिज बनाना है. अभी 11 पीलर का ही निर्माण हो सका है. बरसात के दिनों में नदी में पानी बढ़ जाने के कारण पीलर निर्माण कार्य रोक दिया गया था. लेकिन अब नदी में पानी कम हो गया है. अत: पीलर का निर्माण करा जलापूर्ति आरंभ करायी जाये. इसके अलावा यहां वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पाइप बिछाने समेत होम कनेक्शन का कार्य भी तेजी से कराने का आग्रह किया गया है. ज्ञापन सौंपनेवालों में किशोर यादव के अलावा पूजा कुमारी, सुनील गुप्ता, दीपक कुमार, नीरज सिंह, गौरी टोप्पो व अन्य शामिल थे.







