
जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के अधीन आने वाले चक्रधरपुर रेल मंडल प्रबंधक (डीआरएम) विजय कुमार साहू ने मंगलवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन समेत तमाम स्थानों का दौरा किया. उन्होंने यहां बताया कि जल्द ही टाटा से बादामपहाड़ रेलखंड के बीच इलेक्ट्रिक इंजिन चलेगी. डीआरएम इससे पहले रायरंगपुर, हल्दीपोखर, गुरुमहिसानी, कुलडीहा, बादामपहाड़ और हल्दीपोखर का भी निरीक्षण किया. यहां टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि टाटा से बादामपहाड़ तक के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ायी जायेगी. यात्रियों की सुविधाएं और ढुलाई की क्षमता को भी बढ़ाया जायेगा, जिसके लिए रेल लाइन का विस्तार और लोडिंग-अनलोडिंग प्वाइंट को अपडेट किया जा रहा है. उन्होंने यहां यह भी घोषणा की कि टाटानगर रेलवे स्टेशन का बर्मामाइंस का सेकेंड इंट्री गेट को तीन से चार माह में शुरू कर दिया जायेगा. इसके अलावा फुटओवरब्रिज बनकर तैयार है और पुराने पुल को काटकर नया ओवरब्रिज बनाने का काम भी जल्द ही शुरू किया जायेगा. टाटानगर के प्लेटफार्म पर एक नया फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जो प्रगति पर है. श्री साहू ने कहा कि चक्रधरपुर मंडल ने टाटानगर में यात्री सुविधा बढ़ाने को लेकर कई योजनाएं बनायी है, जिसमें समय के अनुसार काम शुरू होगा. आदित्यपुर से टाटानगर होकर आसनबनी तक रेलवे थर्ड लाइन का काम भी जल्द शूरू होने की बात डीआरएम ने बतायी और कहा कि थर्ड लान को लेकर आदित्यपुर में नया लान स्टेशन भवन समेत अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य कर लिया जायेगा.






