
जमशेदपुर : राज्य स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के गृह क्षेत्र स्थित कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में प्रबंधन की लापरवाही के कारण दो बच्चों की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है. घटना बुधवार की है. अस्पताल में सहयोग विलेज सोनारी में रह रहे छह बच्चों को भर्ती कराया गया था. बताया जाता है कि उन्हें डायरिया की शिकायत थी. उनमें से दो बच्चों को भोर में करीब 3:00 बजे मौत हो गयी. मृतकों में एक साल की एक बच्ची और दो महीने का एक बच्चा शामिल है. जानकारी के अनुसार बच्चे का वजन नहीं बढ़ रहा था. इसके मद्देनजर उसकी मौत को लेकर लापरवाही की संभावना कम जतायी जा रही है. जबकि बच्ची को लेकर घोर लापरवाही बरते जाने की बात सामने आ रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट आलोक भास्कर, पुष्पा रानी तिर्की, लक्की दास, रंजीत प्रसाद सिन्हा, सीडब्ल्यूसी पूर्वी सिंहभूम की टीम अस्पताल पहुंची और अधीक्षक से मामले की जानकारी ली. आलोक भास्कर ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है. क्योंकि डॉक्टर ने बच्ची को आईसीयू में शिफ्ट करने की सलाह दी थी. बावजूद आईसीयू में जगह नहीं होने का हवाला देते हुए उसे शिफ्ट नहीं किया गया. इसके बाद टीम ने अस्पताल प्रबंधन से दोनों बच्चों की मौत से संबंध में मेडिकल रिपोर्ट तलब की है.















