
जमशेदपुर : झारखंड राज्य के स्वास्थ मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण गुरुवार को किये. इस दौरान जिले के तमाम आला अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे. वैसे राज्य सरकार द्वारा संसोधित गाइड लाइन जारी किए जाने के बाद जिला प्रसाशन एक बार फिर से युद्ध स्तर पर घाटों को पूजा के लिए तैयार करने में जुट गई है. गुरुवार को राज्य के मंत्री बन्ना गुप्ता ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार, नगर आरक्षी अधीक्षक सुभाष चंद्र जाट, जमशेदपुर अक्षेस और मानगो अक्षेस के विशेष पदाधिकारी एवं जुस्को प्रबंधन के अधिकारी मौजूद थे. घाटों पर पहुँचकर उन्होंने निरीक्षण किया साथ ही वहां के कमियों को त्वरित रूप से दूर करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.
सड़कों को भी ठीक करने का आदेश दिया गया. मंत्री बन्ना गुपता के साथ जुस्को के सीनियर जीएमम कैप्टन धनंजय मिश्रा समेत तमाम पदाधिकारी भी मौजूद थे. यहां मंत्री ने सडकों के हाल पर नाराजगी भी जतायी, जिसको समय सीमा में पूरा कर लेने का आश्वासन दिया गया.

टाटा स्टील यूटिलिटीज यानी जुस्को ने तैयार किया छठ घाट
टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज कंपनी (जिसका नाम जुस्को था) ने छठ घाट को आकर्षक तरीके से सजाया है और सफाई करायी है. सोनारी दोमुहानी में चेंजिंग रूम से लेकर तमाम व्यवस्था किया गया है. पहुंच पथ की सफाई की गयी है और समतलीकरण किया गया है जबकि वहां रोशनी का भी इंतजाम किया गया है. सोनारी दोमुहानी, कदमा सती घाट, कदमा सब स्टेशन घाट, कांदरबेड़ा पुल के पास नया घाट, दुलाल भुइयां घाट, स्वर्णरेखा घाट, पांडेय भट्ठा घाट, बिष्टुपुर बेली बोधनवाला घाट, डिमना घाट, बाबूडीह घाट और रामजनमनगर समेत कुल 11 घाट को नये सिरे से सफाई कराकर वहां की चौक चौबंद व्यवस्था करायी है. दो दिनों में रात दिन मेहनत कर इन घाटों को तैयार कराया गया है. सड़कों को दुरुस्त करने के अलावा शामियाना भी लगाया गया है और अधिकारियों के लिए पीए सिस्टम भी लगा दिया गया है.

सरयू राय ने सूर्य मंदिर और छठ घाट का भ्रमण कर जायजा लिया
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय द्वारा सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर का भ्रमण व छठ घाट की सुविधाओं का निरीक्षण किया गया. विधायक सरयू राय द्वारा भारतीय जनता मोर्चा व सूर्य मंदिर कमेटी के कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिया गया कि सूर्य मंदिर छठ घाट पर छठ व्रतधारियों को कोई परेशानी ना हो तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए. इसके उपरांत बारीडीह स्थित विधानसभा कार्यालय में विधायक सरयू राय द्वारा 1100 सूप वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई. पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सभी 8 मंडलों में वहां की महिला संयोजिका को निशुल्क वितरण हेतु चिन्हित किए गए व्रतधारियों को देने के लिए सूप और प्रसाद का वितरण किया गया. सूप में प्रसाद के तौर पर सेब, संतरा, पानी फल, गन्ना, नारियल, गागल, निंबू सहित दीया बाती एवं पूजा में लगने वाले सभी आवश्यक वस्तुओं के साथ व्रतधारियों को दी गई. वहीं बारीडीह मंडल के कुछ व्रतधारियों को विधायक सरयू राय द्वारा सूप प्रदान की गई. इसी तरह सूर्य मंदिर के प्रांगण से भी सूप का वितरण किया गया. विधायक सरयू राय द्वारा विधायक निधि से निर्मित टेल्को स्थित आम बागान छठ घाट का गुरुवार को उदघाटन भी किया गया. इसी क्रम में विधायक सरयू राय द्वारा टेल्को स्थित टीआरएफ कॉलोनी छठ घाट, सीटू तलाब छठ घाट, तार कंपनी तलाब छठ घाट, मकदम छठ घाट का निरीक्षण किया गया. सीटू तालाब छठ घाट में छठ व्रतधारियों की होने वाली परेशानियों को देखते हुए एक नया छठ घाट बनाने का आश्वासन विधायक श्री राय ने वहां के स्थानीय नागरिकों को दिया ताकि आने वाले समय में छठ व्रतधारियों को इस लोक आस्था के पर्व को करने में किसी तरह की कोई परेशानी ना हो. इन सभी कार्यक्रम में सूर्य मंदिर कमेटी के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह तथा भारतीय जनता मोर्चा के महानगर संयोजक रामनारायण शर्मा, विधानसभा संयोजक अजय सिन्हा, महिला मोर्चा की संयोजिका वंदना नामता, औद्योगिक प्रतिनिधि सुबोध श्रीवास्तव, जन सुविधा प्रतिनिधि हरेराम सिंह, जोगिंदर सिंह जोगी, असीम पाठक, राजेश झा, अशोक कुमार, राजीव चौहान, मार्टिन लूथर, शमशाद खान, चंद्रशेखर सिंह, संजय सिंह, आदित्य, प्रेम करण पांडे, पुतुल सिंह, मिस्टू सोना, काकुली मुखर्जी, आरती मुखी विजय लक्ष्मी चंपा देवी लकी मुंडा रंजीता राय सीमा दास सुजीत झा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.







