
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे राज्य और देश में छठ का व्रत मनाया जा रहा है. इस कोरोना काल में पहले से ही संकट में लोग है. इस बीच खरना के दिन बिजली विभाग ने मेहरबानी दिखायी है. बिजली विभाग ने दोपहर तीन बजे से ही बिजली काट दी. बागबेड़ा, परसुडीह, करणडीह, जुगसलाई समेत कई इलाकों में दोपहर तीन बजे से बिजली काट दी गयी है, जो देर शाम यानी समाचार लिखे जाने तक बिजली नहीं आयी थी, जिससे छठव्रतियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. कठिन पर्व के तौर पर छठ पर्व को माना जाता है, जिसमें व्रतियों द्वारा 36 घंटे तक उपवास रखा जाता है. निर्जला उपवास के बीच बिजली की आंख मिचौनी ने व्रतियों को बेचैनी में डाल दिया है और मुश्किल बढ़ चुकी है. इसको लेकर बिजली विभाग के पास कई बार फोन घुमाया गया, लेकिन लोगों को किसी तरह का कोई राहत नहीं मिल पाया. हालात यह है कि स्थिति बदतर है और बिजली के लिए लोग तरस रहे है.






