
रांची : झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस 22 नवंबर को मनाया जायेगा. इसको लेकर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को रांची में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलकर इसकी जानकारी दी और बतौर मुख्य अतिथि इसमें शामिल होने का न्योता दिया. इस न्योता को राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है. वर्ष 2020 का सर्वश्रेष्ठ विधायक का भी चुनाव कर लिया गया है. शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो विधायक नलिन सोरेन को सर्वश्रेष्ठ विधायक चुना गया है. वे सात बार से उसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके है. इससे पहले 16 विधायकों को सर्वश्रेष्ठ विधायकों का सम्मान मिल चुका है. सर्वश्रेष्ठ विधायक को 51 हजार रुपये नगद, शाल और प्रशस्ति पत्र देकर राज्यपाल सम्मानित करेंगे. विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जायेगा, जिसमें प्रशाखा पदाधिकारी सोमेन कुमार सिंह, लक्ष्मी मछुवा, संयुक्त सचिव शिशिर झा, मनोज कुमार और हेलेना कंडुलना शामिल है. उनको स्वर्गीय कपिलेश्वर पुरस्कार से सम्मानित किकया जायेगा. बेहतर काम करने वाले रांची के सिविल सर्जन वीवी प्रसाद, रिम्स की मुख्य नर्स रेखा राय और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अखिलेश सिंह को सम्मानित किया जायेगा. इससे पहले झारखंड विधानसभा में विशेश्वर खां, हेमलाल मुर्मू, स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह, लोकनाथ महतो, अन्नपूर्णा देवी, राधाकृष्ण किशोर, पशुपतिनाथ सिंह, इंदर सिंह नामधारी, जनार्दन पासवान, माधव लाल सिंह, रघुवर दास, लोबिन हेम्ब्रम, प्रदीप यादव, स्टीफन मरांडी, विमला प्रधान और मेनका सरदार को दिया जा चुका है.






