
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत काशीडीह कुम्हार पाड़ा में बुधवार देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक का नाम राजकुमार (32) है. परिजनों की जानकारी गुरुवार की सुबह तब हुई जब वे राजकुमार के कमरे में गए. राजकुमार के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. परिजनों ने काफी आवाज लगाई पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया. परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो पाया कि राजकुमार ने फांसी लगा ली है. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सीतारामडेरा पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में परिजनों के बयान पर थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज करवाया है. राजकुमार पूर्व में एक दुकान में काम किया करता था. फिलहाल वह कुछ दिनों से मिट्टी का सामान बनाने का काम कर रहा था. बताया जाता है कि लॉकडाउन के बाद से ही आर्थिक परेशानी से तंग आकर युवक ने फांसी लगा ली.






