
जमशेदपुर:जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत बर्मामाइंस थाना के पास सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने मो.हनिफ की रुई दुकान में आग लगा दी. घटना देर रात एक बजे की बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने पर दुकान संचालक मो हनिफ मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी. हालांकि तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. इस घटना से मो हनिफ को एक लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि वह पहले कहीं और दुकान लगाते थे. वहां कई बार स्थानीय दुकानदारों के साथ बकझक होती रहती थी. एक माह पहले ही वहां से दुकान को शिफ्ट किया था. दुकान चलने भी लगी थी. पर मो साबिर नामक व्यक्ति को यह रास नहीं आया. उसने पहले भी दुकान में आग लगाने की धमकी दी थी. हनिफ ने साफ तौर पर घटना के लिए मो साबिर को जिम्मेदार ठहराया है. फिलहाल थाना में लिखित शिकायत की गई है.





