
सरायकेला: झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन की सरकार बने एक साल पूरे हो चले हैं. एक तरफ राज्य सरकार एक साल का लेखा- जोखा पेश करने की तैयारी में जुटी हुई है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष यानी बीजेपी लगातार राज्य सरकार पर हमलावर रुख अख्तियार किए हुए है. वहीं एक साल की अवधि को भाजपा ने विफल बताते हुए राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ दिया है. इसी कड़ी में बुधवार को राज्य आलाकमान के निर्देश पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी प्रखंड कार्यालयों पर धरना देकर राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया. इधर गम्हरिया प्रखंड कार्यालय पर भी भाजपाइयों ने धरना प्रदर्शन के माध्यम से पिछले 1 साल के कार्यकाल पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया, कि एक साल में वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुकी है. महिलाएं सुरक्षित नहीं है. हर दिन महिलाओं के साथ अत्याचार अखबारों की सुर्खियां बन रही है. बालू का खेल पूरे राज्य में चरम पर है. अपराधी बेलगाम हो चुके हैं. उन्होंने बताया, कि विपक्ष की भूमिका में होने के कारण राज्य की जनता को वर्तमान सरकार की कारगुजारियों से अवगत करा कराया जा रहा है.











