जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित शास्त्रीनगर में तीन मंजिला आलीशान भवन बनकर तैयार है, लेकिन वहां अस्पताल का नामोनिशान नहीं है. न बिजली, न डॉक्टर, न चिकित्सा उपकरण और न ही जरूरी कर्मचारी. आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, पंचकर्म, योग और ऑपरेशन कक्ष के साइनबोर्ड जरूर लगा दिए गए हैं, लेकिन इनके संचालन की कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे अधूरे भवन का 27 नवंबर को आयुष अस्पताल के रूप में उद्घाटन कराने की सरकारी तैयारी पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कड़ी आपत्ति जताई है. गुरुवार को अपराह्न 3.30 बजे भवन का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने पाया कि तीन मंजिला भवन लगभग पूरी तरह खाली है. (नीचे भी पढ़े)

एक कमरे में कुछ होम्योपैथिक दवाएं रखी हैं और उसी को ओपीडी बताया जा रहा है. यहां मुश्किल से पांच-छह मरीज प्रतिदिन आते हैं. बाकी चिकित्सा सुविधाएं केवल साइनबोर्ड तक सीमित हैं. सरयू राय ने कहा कि बिना बिजली, डॉक्टर और चिकित्सा उपकरणों के किसी भवन को अस्पताल बताकर उसका उद्घाटन करना जनता के साथ छलावा है. उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल को बता दिया है कि वे इस दिखावटी उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होंगे. सरकारी पदाधिकारी चाहें तो अपने स्तर से उद्घाटन करा सकते हैं. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के आयुष निदेशक दिनेश यादव से भी बात कर कहा कि पहले बिजली, चिकित्सक, चिकित्सा उपकरण और आवश्यक कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए, उसके बाद अस्पताल का उद्घाटन हो. सरयू राय ने चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव से पहले जिस तरह एमजीएम अस्पताल के नए भवन का आनन-फानन में उद्घाटन कर दिया गया और आज तक वहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो सकी हैं, वैसी ही स्थिति शास्त्रीनगर के आयुष अस्पताल की भी हो सकती है. उन्होंने कहा कि सरकार कहीं एक और एमजीएम अस्पताल खड़ा करने की गलती न दोहराए.












