
आदित्यपुर : कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह रूटीन विजिट पर बुधवार को आदित्यपुर पहुंचे. इस दौरान जिले के एसपी सरायकेला एसडीपीओ सहित लगभग सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे. वैसे डीआईजी के आगमन के कई कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि उन्होंने अपने दौरे को रूटीन विजिट बताते हुए थाने के केस अनुसंधान एवं निष्पादन जांचने की बात कही. वैसे इसके बाद डीआईजी आदित्यपुर के प्रबुद्ध नागरिकों से भी मिलेंगे. गौरतलब है कि डीआईजी के आगमन की तैयारी में आदित्यपुर थाना पुलिस मंगलवार से ही जुटी हुई थी. जहां दिनभर आदित्यपुर थाना प्रभारी अपने मातहतों संग थाना परिसर की साफ- सफाई से लेकर फाइलों को दुरुस्त करने में व्यस्त नजर आए. वहीं बुधवार को अपने नियत समय पर डीआईजी आदित्यपुर थाना पहुंचे. वैसे डीआईजी के आगमन से पहले थाना परिसर तक पहुंचने वाले सारे रास्ते को पूरी तरह से जाम मुक्त बनाया गया. जहां चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
आपको बता दें, कि आदित्यपुर थाना से लेकर शेर- ए- पंजाब सतपथी होटल तक सड़क के दोनों तरफ हर दिन हर पल जाम की स्थिति बनी रहती है. कारण थाना और अस्पताल के आसपास बड़ी संख्या में दैनिक सब्जी विक्रेताओं का हाट लगता है, जो सुबह 8:00 बजे से लेकर रात के 9:00 बजे तक रहते हैं. जिससे अस्पताल और थाना तक पहुंचने के लिए आम लोगों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. वहीं बुधवार को नजारा बिल्कुल बदला- बदला नजर आया. हालांकि डीआईजी जांच के बाद क्या निर्णय लेंगे अभी इस पर संशय बना हुआ है. निश्चित तौर पर कारोबारी सुजय नंदी हत्याकांड के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में रही. उसके बाद डीआईजी का ये दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. हालांकि सूत्रों की अगर माने तो सरायकेला पुलिस ने सुजय नंदी हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है. मुख्य शूटर संजीव लोहार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है. साथ ही माणिक दास नामक व्यक्ति को भी साजिशकर्ता के रूप में पुलिस ने हिरासत में लिया है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. माना जा रहा है कि बुधवार को संभवतः डीआईजी के जाने के बाद सरायकेला पुलिस सुजय नंदी हत्याकांड पर से पर्दा उठाएगी.












