
आदित्यपुर : झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 2 के पार्षद अभिजीत महतो अपने फेसबुक पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं. साथ में भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय सरदार भी. दरअसल पार्षद अभिजीत महतो ने भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय सरदार के साथ मिलकर टुसू पर्व को लेकर आदित्यपुर के दोमुहानी- सापड़ा घाट पर साफ- सफाई अभियान चलाते एक पोस्ट अपने फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया है. जिसपर दोनों नेताओं को खूब वाहवाही मिल रही है, लेकिन तस्वीरों को गौर से देखने पर आपको पता चलेगा, कि दोनों माननीयों की मौजूदगी में खुलेआम बालू का अवैध खनन और ढुलाई का काम चल रहा है. यहां यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि दोनों माननीय चले थे हरि भजन को ओटन लगे कपास… सरायकेला खरसावां पुलिस अवैध बालू खनन और उठाव को लेकर सख्त होने का दावा करती है. लेकिन एक जनप्रतिनिधि और एक नेता की मौजूदगी में खुलेआम बालू का अवैध खनन और उठाव हो रहा है. तो क्या जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी नैतिक जिम्मेदारी नहीं बनती है, कि वे बालू के अवैध खनन की शिकायत पुलिस को करें ! या इसका मतलब यह समझा जाए, कि माननीयों के संरक्षण में बालू का अवैध खनन और उठाव चल रहा है. मामला चाहे जो भी हो इसकी जांच जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं फेसबुक पोस्ट पर विवाद मामले पर सफाई देते हुए वार्ड 2 के पार्षद अभिजीत महतो ने कहा, कि जब वे नदी घाट की सफाई करने पहुंचे उस वक्त नदी से अवैध बालू का उत्खनन हो रहा था. बालू माफियाओं को शक ना हो इसलिए उन्होंने सफाई की तस्वीर ली और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी. ताकि लोगों को यह पता चल सके कि सरकार और जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी बालू माफिया सक्रिय हैं. वैसे उन्होंने इसकी शिकायत किए जाने की बात कही. हालांकि अब तक उनकी ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.




