
जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा जमशेदपुर इकाई ने टाटा स्टील के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. इनका आरोप है कि टाटा स्टील परिसर से निकलने वाला प्रदूषित जल सीधे नालों के माध्यम से स्लम इलाके होकर नदियों में पहुंच रहा है. इसके माध्यम से कई हानिकारक केमिकल पानी में बह रहे हैं और लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ रही है. मंगलवार को पार्टी के उपाध्यक्ष श्यामल रंजन सरकार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिले के उपायुक्त से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. इसके माध्यम से मोर्चा ने टाटा स्टील द्वारा प्रदूषण फैलाये जाने का आरोप लगाते हुए इसे अविलंब रोकने की मांग की. वहीं साफ कर दिया है कि अगर 15 दिनों के भीतर जिला प्रशासन टाटा स्टील द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण पर नकेल कसने में नाकाम रहता है, तो झामुमो जिला मुख्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएगी.



