
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में अप्रेंटिस कर नौकरी की बाट जोह रहे प्रशिक्षु श्रमिकों ने गुरुवार को एएआइटीयूसी के नेता अम्बुज ठाकुर से मुलाकात कर अपने लिए कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर नौकरी दिलाने की मांग की. इस संबंध में इन्होंने एक ज्ञापन भी सौंपा. जानकारी देते हुए मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि डेढ़ सौ से भी अधिक प्रशिक्षित कामगार कंपनी प्रबंधन के नकारात्मक रवैया के कारण बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं. उन्होंने बताया, कि इनसे सीनियर बैच के प्रशिक्षु कामगारों का नियोजन कंपनी में हो गया है, लेकिन इन्हें भरोसा देकर भी कंपनी प्रबंधन काम पर रखने से इंकार कर रही है, जिससे इनके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है. उन्होंने कंपनी प्रबंधन से इनकी मांगों को रखने का भरोसा दिलाया.












