
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिनेश रंजन के निर्देशानुसार 32वां सड़क सुरक्षा माह के थीम ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ के अंतर्गत जमशेदपुर शहर के विभिन्न पेट्रोल पंप में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 01 फरवरी से पिलियन राइडर (बाइक में पीछे बैठने वाले) के लिए हेल्मेट पहनना अनिवार्य किया गया है. 32वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश एवं मार्गदर्शन पर सड़क सुरक्षा सेल के द्वारा पेट्रोल पम्प में “नो हेलमेट नो पेट्रोल” के नियम को सख्ती से पालन कराने के लिए पेट्रोल पम्प कर्मियों को निर्देश दिया गया. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों का अनुपालन हेतु शपथ दिलाई गयी कि वह हादसों रहित राष्ट्र का निर्माण करेंगे एवं कर्तव्य निष्ठा से वाहन चालक बनकर अपने माता-पिता, समाज व राष्ट्र का विश्व में गौरव बढ़ाएंगे एवं सड़क का उपयोग करते समय यातायात नियमों व संकेतों का पालन कर तथा हर संभव प्रयास करेंगे कि कोई दुर्घटना ना हो एवं कोई भी वाहन बिना लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, इंश्योरेंस के बिना नहीं चलाएंगे एवं यह प्रयास करेंगे कि वाहन द्वारा किसी भी प्रकार का प्रदूषण न फैले या वह किसी नशे का सेवन किए बगैर गति पर नियंत्रण रखेंगे.

प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरित करेंगे कि वह इसका पालन करें. सड़क पर चल रहे प्रत्येक प्राणी का ध्यान रखेंगे एवं राष्ट्र के प्रति के पद पर अपना योगदान देंगे. साथ ही जमशेदपुर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रण करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम के तहत् पेट्रोल पम्प में पेट्रोल भराने आए लगभग 30-40 वाहन चालकों को वाहन का उपयोग करते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशापान कर वाहन न चलाने, जरूरी कागजात साथ रखने, ओवर राइडिंग एवं गतिसीमा के अंदर वाहन चलाने के बारे में जागरूक कर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप वाहन चलाने एवं सुरक्षित सड़क यात्रा करने के बारे में जागरूक की गई. साथ ही विभाग से प्राप्त सड़क सुरक्षा के संबंधित पम्पलेट वितरण किया गया. जागरूकता कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में मुख्य रुप से सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य आफताब आलम, अजय कुमार शामिल रहे.







