
रांची : झारखंड में तीन आइएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी को स्थानांतरित कर दिया गया है. उनको प्रमंडलीय आयुक्त दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची बनाया गया है. उनकेस्थान पर भूमि राजस्व विभाग के प्रधान सचिव कमल किशोर सोन को पदस्थापित कर दिया गया है. अगले आदेश तक वे स्वास्थ्य सचिव के पद पर पदस्थापित रहकर काम करेंगे. भूमि राजस्व विभाग के प्रधान सचिव कमल किशोर सोन की जगह श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान रांची के महानिदेशक के पद पर पदस्थापित एल ख्यांगते को अगले आदेश तक के लिए अपर मुख्य सचिव राजस्व निबंधन विभाग के तौर पर पदस्थापित किया गया है. ये सारे लोग तत्काल प्रभाव से अपना कामकाज संभाल लेंगे. कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने काफी काम किया है, जिसके बाद उनका तबादला कर दिया गया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है. इसी तरह कमल किशोर सोन ने भी भूमि राजस्व विभाग में काफी बदलाव किया है.






