
नयी दिल्ली : देश की राजधानी में एक बार फिर धमाके ने दहला दिया है. शुक्रवार की शाम दिल्ली में इस्त्राइली दूतावास के पास जोर का धमाका हुआ. घटना शाम करीब 05:05 बजे की बतायी जा रही है. इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल की टीम मौके पर पहुंच गयी है और पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है. घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी वहां पहुंच गये हैं. टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है. एनआईए की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गयी है. बम निरोधक दस्ता भी पहुंच गया है. वहीं घटना के बाद से उक्त क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है. साथ ही दिल्ली में हाई अलर्ट कर दिया गया है. घटनास्थल पर किसी के जाने की अनुमति नहीं है. दिल्ली पुलिस के अनुसार यह आईईडी ब्लास्ट था. इसमें लो-इंटेंसिटी बम का प्रयोग किया गया था. घटना के बाद से पूरे इलाके की जांच की जा रही है, ताकि और भी बम कहीं छुपा कर तो नहीं रखा गया है. जानकारी के अनुसार धमाका उस वक्त हुआ, जब वहां से कुछ ही दूरी पर गणतंत्र दिवस का वीडिंग रीट्रिट चल रहा था. घटना के बाद से राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास, दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास समेत राजपथ पर व प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.



