
जमशेदपुर:जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर के साथ साथ अब जुगसलाई भी ब्राउन शुगर का हब बनता जा रहा है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीते दिनों ही पुलिस ने जुगसलाई में ब्राउन शुगर खरीदने गई दो महिलाओं के साथ ब्राउन शुगर बेचने वाली महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. आज फिर पुलिस ने 400 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो और युवकों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार किए गए युवकों में आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी सादिक अंसारी और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी हसिउर रहमान शामिल है. जब्त किए गए ब्राउन शुगर की कीमत 25 से 30 लाख रुपए बताया जा रहा है. मंगलवार को दोनों को जेल भेज दिया गया है. बीते दिनों ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाए रसीदा खातून सादिक से ही ब्राउन शुगर खरीदा करती थी.

अंतरराज्यीय गिरोह है शामिल:जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाया अपराधी हसि उर रहमान उर्फ आलम 4 से 5 बार शहर में आकर ब्राउन शुगर की सप्लाई करता आ रहा है. वह बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बेचता है जिसे शहर के कुछ लोग खरीद कर रिटेल करते है. जांच में पता चला है कि शहर में बंगाल, बिहार यूपी और उड़ीसा से ब्राउन शुगर आता है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.




