
जमशेदपुर : जमशेदपुर के घोड़ाबांधा में गुरु-शिष्य संबंधों को तार-तार किये जाने का मामला प्रकाश में आया है, जहां एक कलियुगी शिक्षक को अपनी छात्रा पर बुरी नजर डाले जाने का खामियाजा भुगतना पड़ा. यहां तक कि आक्रोशित छात्राओं ने शिक्षक के घर में घुस कर उनके परिजनों के सामने पीटा. जानकारी के अनुसार एक घोड़ाबांधा स्थित आलोक विहार अपार्टमेंट में एक शिक्षक छात्राओं को कॉमर्स की ट्यूशन पढ़ाते हैं. छात्राओं की मानें, तो छात्राओं पर शिक्षक की गलत नजर है. (नीचे भी पढ़ें)
एक छात्रा को अकेले में ले जा कर उन्होंने गलत किया. इस संबंध में पीड़ित छात्रा ने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया. क्योंकि वह आगे पढ़ना चाहती है. यदि वह अपने घर में परिजनों को आपबीती बताती, तो परिजन उसकी पढ़ाई बंद करवा देते और कहते कि घर में ही रहो. इसलिए परिजनों को आपबीती न बताते हुए पीड़ित छात्रा ने अपने सहपाठी छात्राओं को पूरी जानकारी दी. इसके बाद सबों ने मिल कर शिक्षक को सबक सिखाने की ठान ली. फिर क्या था छात्राएं एकजुट हुईं और मंगलवार को शिक्षक के घर पहुंच गयीं. वहां शिक्षक की फजीहत करते हुए उनके परिजनों के सामने ही पिटाई कर दी. छात्राओं ने बताया कि वे पिटाई तक ही नहीं रुकीं, बल्कि अपार्टमेंट में रहनेवाले लोगों को उनके घरों में जाकर इसकी जानकारी भी दी. हालांकि इस संबंध में स्थानीय थाना में अभी तक कोई शिकायत नहीं की गयी है.


















