
जमशेदपुर: मानगो के नागरिकों के जन-सुविधाओं के लिए भाजपा मानगो मंडल ने जुस्को के पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा. कई वर्षो से मानगो की जनता गंदगी मुक्त मानगो, सुरक्षित मानगो, सुंदर मानगो एवं खुशहाल मानगो चाहती है. पर ऐसा अब तक संभव नहीं हो सका है. नागरिकों की सुविधा को लेकर भाजपा मानगो मंडल के अध्यक्ष बिनोद राय के नेतृत्व में आज जुस्को के पदाधिकारी को मानगो के जन समस्या को लेकर ज्ञापन दिया गया. जिसमें डिमना रोड के आवागमन मार्ग के बीच खाली जगह पर पार्क का निर्माण कर उसमें पौधरोपण, जयप्रकाश सेतु का मरम्मतकरण, क्रॉसिंग स्थान पर उत्तल दर्पण, जुस्को के द्वारा निर्मित नाली का सफाई एवं डिमना चौक पर एक भव्य प्रवेश द्वार की मांग की गई. बिनोद राय ने बताया कि इलाके में कचड़े वाले स्थान को पार्क बना देने से क्षेत्र में हरियाली होगी, छोटे- छोटे बच्चों की मस्ती का केंद्र होगा एवं आम जन को उठने-बैठने का लाभ मिलेगा और पार्क की सुरक्षा भी होगी. डिमना चौक पर प्रवेश द्वार के निर्माण से शहर की भव्यता बढ़ेगी.
इतिहास और संस्कृति से भरपूर यह शहर अब नई सदी में कदम रख चुका है यही वजह है की अब शहर में विकास की आवश्यकता है. जुस्को के पदाधिकारी ने भी इन मांगों को बखूबी समझते हुए जल्द ही कराए जाने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर महानगर भाजपा के उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, सुधांशु ओझा, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, दशरथ चौबे, किशन महाराज, अशोक चौहान, रमन घोष, किशोर सिंह, संतोष उपाध्याय, अंकेश श्रीवास्तव, अनिमेष सिन्हा, सुशील पांडे, और दीपक तिवारी समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.


















