
जमशेदपुर: जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित विद्यापति मध्य विद्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन तालाबंदी कर दिया गया है. साथ ही विद्यालय के खाली पड़े जमीनों को घेरा जा रहा है. इधर मंगलवार को मिथिला समाज के प्रतिनिधियों ने जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा.
सौंपे गए मांग पत्र के माध्यम से इन्होंने बताया कि छोटा गोविंदपुर के विद्यापति नगर में विद्यापति मध्य विद्यालय है, जो 1974 से संचालित हो रहा था. 2008 से मिथिला सांस्कृतिक परिषद जमशेदपुर द्वारा इसका संचालन किया जा रहा था. जिसका खाता नंबर 74 और प्लॉट नंबर 94 है एवं रकबा 0.14 एकड़ है. साथ ही खाता संख्या 224, प्लॉट संख्या 95, रकबा संख्या 0.10 एकड़ है. जिसका सीमांकन 2017 में किया गया था. इस जमीन में 95 नंबर प्लॉट पर विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा दो निजी भवन बनाया गया. उससे पहले 1993 में एक सामुदायिक भवन बना था, जिसमें पठन-पाठन होता था.
2016 में उच्च विद्यालय के रिटायर प्रधानाध्यापक शंभू नाथ झा को विद्यालय सौंपने को कहा गया तो कब्जा करने के ख्याल से वे विद्यालय का जाली प्रमाण पत्र और आय से संबंधित मामले में गड़बड़ी पाया गया. जिसके बाद न्यायालय में उन पर मुकदमा चल रहा है. उन्होंने बताया कि शंभूनाथ नहीं चाहते, कि विद्यालय अब चले, और उन्होंने किसी राजकुमार पासवान को उक्त जमीन सौंप दी. इधर राजकुमार पासवान ने विद्यालय में तालाबंदी कर जमीन की घेराबंदी शुरू कर दी. जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है.

















