
जमशेदपुर : महाशिवरात्रि के अवसर पर जमशेदपुर के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली. हालांकि इस बार कोरोना के नियमों को ध्यान रखते हुए तमाम शिवालयों में नियमों के तहत पूजा-अर्चना की गई. एक बार में केवल छह लोगों को ही मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आज ही के दिन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का विवाह हुआ था. तब से इस दिन को महाशिवरात्रि के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर शहर व आसपास के क्षेत्र में स्थित शिवायलयों व अन्य मंदिरों में साज-सज्जा की गयी है. इसके साथ ही भजन-कीर्तन, अष्टजाम जैसे धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गये हैं. महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां लोगों ने भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक कर मंगलकामना की. ज्यादातर महिलाएं भगवान को जल चढ़ाने पहुंची थी. (नीचे भी पढ़ें)

कई मंदिरों से कलश यात्रा भी निकाली गई. गाजे बाजे के साथ झांकी भी निकली. मानगो रामनगर शिव मंदिर से शिव मंदिर समिति और अनुकृति संस्था की ओर से कलश यात्रा निकाली गई. लगभग 250 महिलाओं ने इस कलश यात्रा में भाग लिया. यह यात्रा मानगो शिव मंदिर से प्रारंभ होकर शंकोसाई होते हुए मानगो स्वर्णरेखा नदी घाट तक पहुंची. मानगो गुरुद्वारा रोड स्थित श्रीश्री विश्वनाथ मंदिर समिति के से 501 महिलाओं के द्वारा कलश यात्रा निकाली गया. पुरानी सरजामदा में भव्य शिव बारात निकली जो स्थानीय भद्रेश्वर मंदिर तक गयी. इसमें भूत-पिशाच आदि आकर्षण का केंद्र रहे. वहीं बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त राम मंदिर बिष्टुपुर में भक्त सुबह से ही शिवलिंग में जलाभिषेक कर रहे हैं. यहां शाम 6 बजे से सुधाकर एंड टीम द्वारा भजन संगीत का कार्यक्रम किया जाएगा. रात्रि 9.30 बजे से मन्दिरम के पुरोहित के संतोष कुमार एवम अन्य 10 अतिथि पुरोहितों द्वारा रात्रि 2 बजे तक विभिन द्रव्यों से अभिषेक किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

काफी संख्या में दलमा पहुंचे श्रद्धालु
इधर महाशिवरात्रि के अवसर पर दलमा पहाड़ के उपर स्थित शिवलिंग में हजारों श्रद्धालु जल चढ़ाने पहुंचे. इसके लिए काफी लंबी लाइन भी लगी. भक्त बोल बम के जयकारे लगाते नजर आए. दलमा पहाड़ पर जाने वाले वाहनों को लेकर वन विभाग मुस्तैद नजर आई. दलमा के डीएफओ डॉ अभिषेक कुमार खुद मौके पर मौजूद नजर आए. इसके अलावा रेंजर दिनेश चंद्रा, फारेस्ट गार्ड, इक्को विकास समिति के सदस्यों, ट्रेकर व फायर वाचर के साथ बुधवार से ही दलमा में कैंप किए हुए हैं.













