जमशेदपुर : कर्नाटक के मशहूर पर्यटन स्थल गोकर्ण के पास रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. समुद्र की तेज और शक्तिशाली लहरों की चपेट में आने से बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी के तीन कर्मचारियों की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में एक युवती झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली थी. घटना के बाद चलाए गए राहत और बचाव अभियान के दौरान तीनों के शवों को बरामद कर लिया गया है. मृतकों की पहचान झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली शोभा दास देवेंद्रनाथ (22), मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और विश्व एके (24) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के बेलंदूर स्थित ‘अलोरिका इकोपेस’ कंपनी के 16 कर्मचारियों का एक दल सप्ताहांत में गोकर्ण घूमने आया था. (नीचे देखे पूरी खबर)

रविवार को समूह के पांच कर्मचारी डुब्बनशाशी बीच पर समुद्र में उतरे थे. इसी दौरान अचानक उठीं ऊंची और तेज लहरें पांचों को खींचकर गहरे पानी में ले गईं. हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही लाइफगार्ड्स और स्थानीय मछुआरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दो कर्मचारियों निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. दोनों को तत्काल इलाज के लिए गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. हालांकि, कड़े प्रयासों के बावजूद शोभा, अकरम और विश्व को बचाया नहीं जा सका और डूबने से उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह 16 सदस्यीय टीम शनिवार शाम गोकर्ण पहुंची थी और बीच के पास ही स्थित एक निजी रिजॉर्ट में ठहरी हुई थी. हादसे की सूचना के बाद गोकर्ण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई के साथ आगे की जांच शुरू कर दी है. मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.











